You are currently viewing हर साल 12 स्कूलों के 140 से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृति

हर साल 12 स्कूलों के 140 से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृति

जालंधर: इंसान के जीवन में दान का बहुत ही महत्व है। सिटी में ऐसी कई समाज सेवी संस्थाएं हैं, जो जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए काम कर रही हैं। ऐसी ही एक संस्था भारत विकास परिषद जालंधर है। भारत विकास परिषद जालंधर जरूरतमंद परिवार की बेटियों की शादियां, मेडिकल कैंप, बच्चों को निशुल्क शिक्षा, पौधारोपण, खूनदान कैंप, कोरोना वैक्सीनेशन कैंप व अन्य गतिविधियां करवा रही हैं। इसी कड़ी में भारत विकास परिषद जालंधर (मुख्य शाखा) ने रविवार को भारत विकास भवन, कृष्ण नगर मंडी रोड में छात्रवृति वितरण और परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अनिल कालिया ने परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों- विकलांग सहायता, गरीब लड़कियों की सामूहिक शादियां, छात्रवृति वितरण, गुरुवंदन छात्र अभिनंदन, राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। संस्था लगभग 35 साल से समाज में निस्वार्थ भाव से सेवा के अलग-अलग प्रोजेक्ट कर रही हैं। रविवार को संस्था ने भारत विकास भवन में शहर के 12 स्कूलों के 140 विद्यार्थियों को छात्रवृति, प्रत्येक को 10 कापियां और 10 पैन के साथ परिषद का रंगीन-2023 का कैलेंडर भी दिया। प्रवीण मागो, सुनील कत्याल को गौरव चिन्ह से सम्मानित किया गया।

भाविप की 15 ब्रांच सिटी में कर रहीं समाज सेवा
सचिव राज चौधरी ने बताया कि जालंधर सिटी में भारत विकास परिषद की 15 ब्रांच अलग-अलग क्षेत्र में समाज सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे के भविष्य की रीढ़ है और यह सुनिश्चित करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हर बच्चे को अपने सपनों को पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन मिले।

बच्चे हमारे समाज का भविष्य हैं और उन्हें सभी स्तरों पर उचित शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए। हम आने वाले दिनों में जालंधर के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न गतिविधियां करवा रहे हैं। इस मौके पर प्रकल्प प्रमुख राज सभ्रवाल के साथ प्रांतीय सचिव राज चौधरी, अरुण कांत शर्मा, सचिव एमपी सिंह, जेसी भाटिया, पृथ्वीपाल शर्मा, अश्वनी नागपाल, बीबी मल्होत्रा, मनोज हांडा व अन्य लोगों ने बच्चों को स्टेशनरी बांटी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया।

Dainik Bhaskar: 30 January 2023