You are currently viewing सर्वसमाज की 101 कन्याओं का पूजन किया

सर्वसमाज की 101 कन्याओं का पूजन किया

मऊ : भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा के सदस्यों ने शुक्रवार को रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के थलईपुर गांव स्थित आंबेडकर प्रतिमा परिसर में 101 कन्याओं का पूजन किया। गांव के सर्वसमाज की बालिकाओं के इसमें शामिल होने सामाजिक समरसता का अद्भुत संदेश दे गया यह कार्यक्रम। यह देख कई अभिभावकों की भावनाएं छलक उठीं।

परिषद के लोगों ने देवी स्वरूप कन्याओं के पांव दूध व पानी से धुलकर उनका नौ देवियों के रूप में श्रृंगार किया। उन्हें फल, दक्षिणा आदि प्रदान कर उनकी आरती उतार समाज में समरसता कायम रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक रामप्रताप सिंह ने कहा कि पूरे विश्व में भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां नारियों की पूजा होती है। इनका सम्मान करना, इनके मर्यादा की रक्षा करना प्रत्येक पुरुष की जिम्मेदारी है। आज समाज में आई विकृति का कारण ही यही है कि हम अपनी संस्कृतियों व परंपराओं से दूर होते चले गए। आज के समय में ऐसे कार्यक्रमों की महत्ता और बढ़ गई है। हमें अपने बच्चों के अंदर ये संस्कार विकसित करने होंगे ताकि समाज में घट रही जघन्य घटनाओं पर रोक लग सके। महिलाओं को भी यह संदेश देना होगा कि वह सर्व शक्तिमान हैं। वे स्वयं को विवश न समझें बल्कि समाज में फैली कुरीतियों से लड़ना सीखें। 

परिषद की प्रांतीय प्रकल्प प्रमुख डा.अलका राय ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में कन्या पूजन कर यह संदेश दिया जाता है कि समाज में महिला का स्थान कितना ऊंचा है। अध्यक्षता कर रहे जानकी प्रसाद ने कहा कि महिलाएं हम सबके लिए पूज्य हैं, वंदनीय हैं। यह कार्यक्रम हम ग्रामीणों के लिए अद्भुत है। हमने अपने गांव में इस तरह का आयोजन पहले कभी नहीं देखा। कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ रूपों को बताने वाली बेटी शिवानी को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ सदस्य रवीश तिवारी, नीलम सर्राफ, डा.रोली सिंह, नेहा कपूर, सुमन पांडेय, ऋतिका राय, सुनील राम, भगवान पटेल, रागिनी, प्रतीक्षा, मनोज, रोहित आदि शामिल थे।

दैनिक जागरण : 2 October 2020