You are currently viewing विवेकानंद आरोग्य केंद्र में कैंसर एवं मधुमेह चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन

विवेकानंद आरोग्य केंद्र में कैंसर एवं मधुमेह चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन

  • Post author:
  • Post category:BVP in News

गुरुग्राम । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भैयाजी जोशी) ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम करने की आवश्यकता है। खासकर सामाजिक संगठनों को इस दिशा में आगे आना होगा। आवश्यकता के मुताबिक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं और निजी क्षेत्र के अस्पतालों में सभी लोग जा नहीं सकते। इसी को ध्यान में रखकर भारत विकास परिषद ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है। गुरुग्राम में विवेकानंद आरोग्य केंद्र इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

सरकार्यवाह भैयाजी जोशी बृहस्पतिवार शाम भारत विकास परिषद की महाराणा प्रताप शाखा गुरुग्राम द्वारा सेक्टर-12ए में संचालित विवेकानंद आरोग्य केंद्र में कैंसर एवं मधुमेह चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में 35 प्रतिशत से अधिक वर्ग आर्थिक रूप से कमजोर है। इनके लिए सरकारी अस्पतालों में जितनी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, नहीं हैं। निजी क्षेत्र में ये लोग जा नहीं सकते। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में काफी कार्य करने होंगे। भारत विकास परिषद की पहचान सेवा कार्यों की वजह से है। दिव्यांग बंधुओं की सेवा परिषद की विशेष पहचान है। आवश्यकता है सुविधाएं बढ़ाने की। खुशी है कि इस दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की हरियाणा इकाई के प्रांत संघचालक पवन जिंदल ने कैंसर एवं मधुमेह चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन करने के लिए सरकार्यवाह भैयाजी जोशी के प्रति आभार प्रकट किया। विवेकानंद आरोग्य केंद्र के अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने जानकारी दी कि केंद्र में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को विशेष छूट दी जाती है। केंद्र की सुविधाओं का लाभ देश के विभिन्न राज्यों के लोग उठाने लगे हैं। समारोह के दौरान भैयाजी जोशी ने कैंसर एवं मधुमेह चिकित्सा केंद्र के लिए विशेष योगदान देने वाले उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल एवं मुकेश अग्रवाल को सम्मानित किया।

इससे पहले विवेकानंद आरोग्य केंद्र के संरक्षक विनोद मित्तल ने भैयाजी जोशी का स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसरकार्यवाह सीआर मुकुंदा, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन एवं संघ की हरियाणा इकाई के प्रांत प्रचारक विजय कुमार आदि उपस्थित थे।

दैनिक जागरण : 13 November 2020